अदालत ने बेनजीर हत्याकांड में मुशर्रफ समेत 11 को तलब किया
लाहौर, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। लाहौर उच्च न्यायालय ने पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या के मामले में पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ और अन्य 10 लोगों को तलब किया है। 27 दिसंबर, 2007 को एक रैली के दौरान बेनजीर की हत्या कर दी गई थी।
अदालत ने जिन लोगों को तलब किया है उनमें आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक, संसदीय कार्य मंत्री बाबर आवान और पंजाब प्रांत के तत्कालीन मुख्यमंत्री परवेज इलाही शामिल हैं। ऑनलाइन न्यूज एजेंसी के मुताबिक इन सभी को एजाज अहमद चौधरी की अदालत में 28 सितंबर को पेश होने के लिए कहा गया है।
इन सभी को अदालत में दी गई उस अर्जी के आधार पर तलब किया गया है जिसमें आरोप लगाया गया है इन सभी का बेनजीर की मौत से रिश्ता रहा है। इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की भी अपील की गई है। इससे पहले जब इस अर्जी को न्यायाधीश आसिफ सईद खोसा की अदालत में पेश किया गया था तो उन्होंने इस पर सुनवाई करने से इंकार कर दिया था।
मुशर्रफ के रिकार्ड को देखते हुए ऐसा नहीं लगता है कि वह अदालत में पेश होंगे। इससे पहले भी वह अदालती आदेश की अनदेखी कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications