गांजे की तस्करी के आरोप में ट्रक चालक गिरफ्तार
टोरंटो, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय मूल के एक कनाडाई ट्रक चालक को सोमवार को अमेरिकी अधिकारियों ने गांजे की तस्करी के प्रयास में गिरफ्तार कर लिया।
टोरंटो के बाहरी क्षेत्र, नार्थ यार्क के 40 वर्षीय चालक गुरमीत सिंह को कनाडा-अमेरिका सीमा पर न्यूयार्क में उस वक्त गिरफ्तार कर लिया गया जब वह 353 पाउंड गांजा लेकर जा रहा था। सिंह इसे लकड़ियों में छुपाकर टोरंटो से अमेरिका स्थित मेसाचुसेट्स के वोरसेस्टर जा रहा था।
संदेह होने पर अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा रक्षा अधिकारियों ने ट्रक की तलाशी ली। वाहन के एक्स-रे ने अधिकारियों का संदेह और बढ़ा दिया और उन्हें लकड़ी से लदे पूरे ट्रक की तलाशी ली।
अधिकारियों ने लकड़ियों के बीच दबे गांजे के बंडल बरामद किए। सिंह को गिरफ्तार कर उनका ट्रक जब्त कर लिया गया है।
ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र में एक ट्रक कंपनी के मालिक ने आईएएनएस से कहा, "गांजा कनाडा खासकर ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में खुलेआम मिलता है। अमेरिका में इसकी तस्करी बहुत से भारतीय मूल के कनाडियाई लोगों में जल्द अमीर बनने का जरिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications