भाजपा 'स्वाइन फ्लू' की चपेट में : बाल ठाकरे
शिव सेना अध्यक्ष बाल ठाकरे ने पार्टी के मुखपत्र सामना में लिखे एक संपादकीय में कहा है, "भाजपा में इन दिनों जो कुछ हो रहा है उससे आश्चर्य होता है। उसे या तो स्वाइन फ्लू या फिर इसके जैसा ही कोई अन्य रोग हो गया है।"
ठाकरे ने कहा, "भाजपा की स्थिति मुगल बादशाह अकबर के उस तोते की तरह हो गई है जिसकी आंखें बंद है, जो न खा सकता है और न बोल सकता है। सांस भी नहीं ले सकता, लेकिन जिंदा है।"
उन्होंने कहा कि यहां तक कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने भी उन्हें आंतरिक कलह खत्म करने को कहा है।
ठाकरे ने संपादकीय में लिखा, "भागवत ने कहा है कि तोता अभी मरा नहीं है। इसे सिर्फ ठंड लग गई है। उसने खाना और सांस लेना छोड़ दिया है। लेकिन फिर भी वह मरणासन्न स्थिति से उठ खड़ा होगा।"
भाजपा के मौजूदा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रमोद महाजन के समय पार्टी अलग थी। उनके समय में लगातार संवाद जारी रहा करता था।
उन्होंने कहा, "लेकिन अब, जब मैं बीमार था तो लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह जैसे नेता ही सिर्फ मिलने आए।"
ठाकरे में अपने संपादकीय में उम्मीद जताई कि भाजपा में जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाएगा। उन्होंने कहा, "हमें सब जगह पढ़ने को मिलता है कि भाजपा ध्वस्त हो रही है लेकिन वह हमारी दोस्त है। हम तो कम से कम यही मानते हैं और उम्मीद करते हैं कि वह ध्वस्त नहीं होगी।"
उन्होंने कहा, "हम मां जगदम्बा से प्रार्थना करते हैं कि मृत तोते को जीवन मिले और वह हमारे गरूड़ के साथ उड़े।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications