जापान में गठबंधन सरकार बनाएंगे हातोयामा (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार 480 सीटों वाले हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डीपीजे ने 308 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस जीत के जरिए डीपीजे ने जापान में लगभग पांच दशकों तक सत्ता बने रहने वाली लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
हातोयामा ने कहा कि जनता ने इस बार सत्ता में बदलाव के लिए मतदान किया। देश में पांच दशकों से एलडीपी सत्ता में बनी हुई थी।
चुनाव में हार के बाद प्रधानमंत्री तारो आसो ने सोमवार तड़के एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह हार की जिम्मेदारी लेते हुए एलडीपी नेता के पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
चुनाव में इस बार सत्तारूढ़ दल के कई मंत्रियों को हार का मुंह देखना पड़ा। सोमवार को मुख्य कैबिनेट सचिव ताकेओ कावामुरा ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरने के कारण एलडीपी पराजित हुई है।
एलडीपी को द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जापान को एक आर्थिक ताकत बनाने का श्रेय जाता है लेकिन पिछले पांच दशकों के दौरान कई बार महीनों तक जापानी अर्थव्यवस्था विकास की पटरी से उतरी रही। देश में इन दिनों भी आर्थिक हालत संतोषजनक नहीं है।
डीपीजे ने जनता से वादा किया है कि वह खर्चो पर अंकुश लगाकर और घरेलू आय को बढ़ाकर जापान को दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनाएगा।
सत्ता में संभावित बदलाव का असर सोमवार को टोक्यो शेयर बाजार में भी देखा गया। यहां शेयर बाजार भारी बढ़त के साथ खुले।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications