मंदी व सूखे के कारण लक्ष्य हासिल करना मुश्किल: अहलूवालिया
बेंगलुरू, 31 अगस्त (आईएएनएस)। योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने कहा है कि वैश्विक मंदी और इस वर्ष सूखे के कारण 11वीं पंचवर्षीय योजना (वर्ष 2007-11) के दौरान नौ फीसदी की विकास दर के लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकेगा।
अहलूवालिया ने यहां आईएएनएस से कहा, "11वीं पंचवर्षीय योजना के लिए हमने नौ से दस फीसदी की विकास दर को लक्षित किया था। पहले वर्ष 2007-08 के दौरान हमने अच्छी शुरुआत की, लेकिन दूसरे वर्ष में वैश्विक मंदी ने इस पर प्रतिकूल प्रभाव डाला। इस वर्ष सूखे के कारण विकास दर प्रभावित होती दिख रही है।"
वर्ष 2007-08 के दौरान नौ फीसदी की विकास दर बीते वित्त वर्ष में घटकर 6.7 फीसदी रह गई थी। चालू वित्त वर्ष में इसके 6.5 फीसदी रहने का अनुमान है।
अहलूवालिया ने कहा, "अगर दो लगातार वर्षो में अर्थव्यवस्था की विकास दर छह से साढ़े छह फीसदी के बीच रहती है तो लक्ष्य को हासिल करने के लिए बाकी के दो वर्षो में 11 फीसदी की रफ्तार से बढ़ना होगा, जो मुझे लगता है कि संभव नहीं है।"
उन्होंने कहा, "दिसंबर में आयोग की होने वाली बैठक में मध्यावधि समीक्षा होगी। हम देखेंगे कि क्या करने की जरूरत है। हम विकास में गिरावट को विफलता या कमजोरी नहीं मानते, क्योंकि वैश्विक मंदी और कमजोर मानसून दो ऐसे कारक है जो हमारे अधिकार क्षेत्र की बाहर की चीजें हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications