पिता को उम्मीद, मॉडल बेटी को नहीं लगेंगे कोड़े
कुआलालंपुर, 31 अगस्त (आईएएनएस)। मलेशिया में सार्वजनिक स्थान पर बीयर पीने की दोषी पाई गई मॉडल के पिता ने उम्मीद जताई है कि उनकी बेटी को कोड़े लगाने की सजा नहीं दी जाएगी।
मॉडल कार्तिका (32) के पिता सुकर्णो मुतालिब ने रविवार को कहा, "मुझे अच्छी खबर मिलने की उम्मीद है। मैंने वकील पेरक मुफ्ती तान सूरी हारुसानी जकारिया से बात की है और उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया है कि पवित्र रमजान महीने में सब कुछ ठीक हो जाएगा।"
स्थानीय समाचार पत्र 'न्यू स्ट्रेट्स टाइम्स' के मुताबिक सुकर्णो ने कहा कि उन्हें और उनकी बेटी को सरकार का हर फैसला मंजूर होगा। अगर कार्तिका को सजा मिलती है तो वह इस तरह की सजा भुगतने वाली पहली मलेशिया महिला होंगी।
कार्तिका पर चेरेटिंग के एक होटल में 2007 में बीयर पीने का आरोप था। विगत 20 जुलाई को शरिया उच्च न्यायालय ने उन्हें दोषी करार देते हुए छह कोड़े मारने का आदेश दिया।
माना जा रहा है कि धार्मिक संस्थाएं कार्तिका के मामले की समीक्षा पर विचार कर रही हैं। यह मामला अभी शरिया में दोबारा आना है।
यह मामला उस समय अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गया था जब कार्तिका ने अपील करने से इंकार कर सजा का सामना करने की बात कही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications