अंतरिक्ष यान डिस्कवरी रवाना
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार डिस्कवरी ने केप केनावरल से शुक्रवार रात 11.59 बजे उड़ान भरी। खराब मौसम और यान के बाहरी ईंधन टैंक के एक वाल्व में समस्या की वजह से उसका प्रक्षेपण कई बार टालना पड़ा था।
मंगलवार को खराब मौसम के कारण डिस्कवरी की रवानगी टली जबकि बुधवार को वॉल्व में दिक्कत होने की वजह से उड़ान नहीं भरी जा सकी। उसके बाद अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी (नासा)ने इसे शुक्रवार सुबह रवाना करने का कार्यक्रम बनाया लेकिन वॉल्व की डाटा समीक्षा की वजह से इसे फिर से टालना पड़ा।
नासा के अधिकारियों ने बताया कि वॉल्व की खराबी दूर कर दी गई है। डिस्कवरी 13 दिनों के मिशन पर गया है। वह अपने साथ आईएसएस के लिए नए उपकरण ले गया है। अंतरिक्ष यात्री निकोल स्टॉट टिमोथी कोपरा की जगह लेंगे। इस दौरान अंतरिक्ष में तीन बार चहलकदमी भी की जाएगी।
डिस्कवरी के चालक दल में छह अमेरिकी और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की ओर से स्वीडिश क्रिस्टर फगलेसांग शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications