हस्तशिल्प कारीगरों की कला से अभिभूत हुए प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री को प्रदर्शनी स्थल पर सोसायटी टू अपलिफ्ट रूरल इकोनोमी (श्योर) की स्टाल पर पद्मश्री मगराज जैन एवं लता कच्छावा ने हाथ से की जाने वाली कसीदाकारी की बारीकियों से अवगत कराया। विश्वकर्मा निर्माण आपूर्ति एवं विपणन संस्थान के माधोसिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री को आरी तारी से बनी डॉ. मनमोहन सिंह की तस्वीर भेंट की।
प्रधानमंत्री को मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी स्थल पर ऊंॅट गाड़ी निर्माण कार्य का अवलोकन कराया। मुख्यमंत्री ने कामदार संस्था की ओर से लगाये गए स्टाल पर बाड़मेर की काष्ठ कला की बारीकियों से अवगत कराया। इस स्टाल पर शम्भू मॉकड हस्तशिल्पी ने प्रधानमंत्री को नेम प्लेट भेंट की।
प्रधानमंत्री ने पणिहारी प्रिन्टर्स बाड़मेर की स्टाल पर ब्लाक प्रिन्टिंग कार्य को देखा। इस स्टाल पर कन्हैयालाल ने प्रधानमंत्री को ब्लाक प्रिन्टिंग की बैडशीट भेंट की। प्रधानमंत्री ने बीजासर चोहटन के हस्तशिल्पी शेखाराम मेघवाल द्वारा हाथ कढ़ाई से बनाये गये कांचला, कुशनकवर एवं वाल हेगिंग के कार्य को देखा एवं बारीक कार्य की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने मोकलसर के नाथूराम जीनगर की स्टाल पर चोंचवाली, जरीदार, पंजाबी, दुल्हा-दुल्हन, जनाना एवं बिच्छू मोजडी का अवलोकन किया। रामसर हस्तशिल्प प्रदर्शनी स्थल पर मॉगणियार गायक गाजी खां, समन्दर खान, फकीरा खान एवं रूकमादेवी ने प्रधानमंत्री का 'केसरिया बालम पधारो म्हारे देश' गायन से स्वागत किया तथा 'दमादम मस्त कलन्दर' गायन सुनाकर प्रधानमंत्री को अभिभूत कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications