स्वाइन फ्लू से अब तक 87 की मौत, 218 नए मामले (राउंडअप)
महाराष्ट्र में शनिवार को तीन लोगों ने इस बीमारी से दम तोड़ दिया। इसमें से दो की मौत मुंबई में और एक की पुणे में हुई। बेंगलुरू में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है।
देश में शनिवार को 218 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही पीड़ितों की संख्या 3753 हो गई।
महाराष्ट्र में अब तक इस बीमारी से सर्वाधिक 47 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद कर्नाटक में 24 लोग इस बीमारी के शिकार हुए।
शनिवार को सामने आए नए मामलों में महाराष्ट्र के सर्वाधिक 60 मरीज हैं। राज्य में इस बीमारी से पीड़ितों की संख्या 1579 हो गई है।
महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में 44 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 29, कर्नाटक में 21, उत्तर प्रदेश में 20, तमिलनाडु में 19, केरल में 4, हरियाणा में 4, गोवा में 3, उत्तराखंड में 3, जम्मू एवं कश्मीर में 3 मामले सामने आए।
कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से सबसे अधिक मौतें बेंगलुरू में हुई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इसकी एक वजह यह भी हो सकती है कि यहां बड़ी संख्या में लोग देश के अन्य हिस्सों और विदेशों से आते हैं।
राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ चेस्ट डिजीज (आरजीआईसीडी) के निदेशक शशिधर बुग्गी ने कहा कि बेंगलुरू सूचना प्रौद्योगिकी का मुख्य केंद्र है, जिस वजह से यहां देश और विदेशों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। उन्होंने कहा, "यहां एच1एन1 का प्रसार असामान्य नहीं है।"
शशिधर ने कहा, "यह समय वायरस से मिलकर लड़ने का है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ और आम जनता को मिलकर काम करना होगा। फ्लू के लक्षण का अहसास होते ही लोगों को जांच करवानी चाहिए। यदि आगे भी चिकित्सीय जांच की जरूरत महसूस हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।"
राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त पी.एन.श्रीनिवासचारी ने आईएएनएस से कहा कि यह कहना कठिन है कि स्वाइन फ्लू से सबसे अधिक बेंगलुरू ही क्यों प्रभावित है। उन्होंने कहा, "हम कह सकते हैं कि स्वाइन फ्लू का वायरस हवा में है। इस वक्त लोगों को सजग रहना चाहिए।"
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव आई.आर.पेरुमल ने लोगों से भयभीत नहीं होने के लिए कहा है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का कहना है कि दुनिया भर में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 2,100 से अधिक हो गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक डब्ल्यूएचओ ने शुक्रवार को बताया कि इस बीमारी से उत्तरी अमेरिका और दक्षिण अमेरिका में सबसे ज्यादा 1,876 लोगों की मौत हुई है।
डब्ल्यूएचओ के ताजा आंकड़ों के अनुसार दक्षिण पूर्व एशिया में 139 और यूरोप में 85 लोगों की मौत इस बीमारी की वजह से हुई। पश्चिमी प्रशांत, अफ्रीकी और मध्यपूर्व के देशों में क्रमश: 64,11 और 10 लोग इस बीमारी के शिकार हुए हैं।
पूरे विश्व में स्वाइन फ्लू से जुड़े पुष्ट मामलों की संख्या अब 209,438 हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications