आडवाणी सहित भाजपा के दिग्गजों ने की आरएसएस प्रमुख से मुलाकात (लीड-1)
भागवत से मुलाकात करने के लिए आडवाणी शनिवार को संघ के दिल्ली स्थित कार्यालय 'केशव कुंज' पहुंचे। उन्होंने मुलाकात के एजेंडा के बारे में कुछ भी खुलासा नहीं किया।
इससे पहले उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भूवन चंद खंडूरी ने भी संघ प्रमुख से मुलाकात की। गौरतलब है कि खंडूरी को विधायकों के असंतोष के चलते कुछ समय पूर्व मुख्यमंत्री का पद छोड़ना पड़ा था।
खंडूरी से मुलाकात के बाद भागवत पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी से भेंट करने उनके आवास पहुंचे।
पार्टी ने अन्य नेताओं ने भी किसी तरह की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है। पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि 'मेरे पास कोई प्रतिक्रिया नहीं है,' जबकि दूसरे प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि शुक्रवार को संघ प्रमुख के साथ भाजपा ने नेतृत्व परिवर्तन के बारे में चर्चा नहीं की।
जावडेकर ने कहा, "संघ प्रमुख के साथ भाजपा नेताओं की मुलाकात में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, लेकिन पार्टी नेतृत्व में परिवर्तन के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई।"
आडवाणी के खिलाफ लगाए जा रहे आरापों के बारे में जावड़ेकर ने इतना जरूर कहा, "हम आडवाणी के खिलाफ किसी भी आरोप को बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
आडवाणी की भागवत से यह मुलाकात पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, वेंकैया नायडू और आनंत कुमार की शुक्रवार शाम हुई मुलाकात के बाद हुई है। भागवत से शुक्रवार शाम ढाई घंटे तक विभिन्न विषयों पर चर्चा बाद इन चारों नेताओं ने आडवाणी से मुलाकात की थी।
आडवाणी के साथ शनिवार को हुई भेंट से चौबीस घंटे पूर्व, शुक्रवार को संघ प्रमुख ने एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा से आंतरिक कलह को खत्म करने को कहा था। साथ ही भागवत ने कहा था कि भाजपा अपनी राख से भी उठ खड़ी होगी और उन्हें भरोसा है कि पार्टी का पतन नहीं होगा।
दरअसल, पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना पर किताब लिखकर विवादों में आए जसवंत सिंह ने भाजपा से निकाले जाने के बाद आडवाणी पर कई आरोप लगाए। इसके बाद राज्यसभा सांसद अरुण शौरी ने भी पार्टी नेतृत्व की आलोचना करते हुए उसे 'कटी पतंग' तक कह दिया था। पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ब्रजेश मिश्र ने भी आडवाणी पर आरोप लगाया और कहा कि कंधार विमान अपहरण मामले में आडवाणी सभी फैसलों से अवगत थे।
इस सबके बीच भाजपा अब एकजुट दिखने की कोशिश कर रही है। पार्टी का कोई नेता किसी भी मुद्दे पर पार्टी मंच से इतर कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications