बेंगलुरू में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ी
बेंगलुरू में शुक्रवार को दो और लोगों की मौत स्वाइन फ्लू की वजह से हो गई, जिससे कर्नाटक में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई। स्वाइन फ्लू से देश में सबसे अधिक 48 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है।
राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ चेस्ट डिजीज (आरजीआईसीडी) के निदेशक शशिधर बुग्गी ने कहा कि बेंगलुरू सूचना प्रौद्योगिकी का मुख्य केंद्र है, जिस वजह से यहां देश और विदेशों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। उन्होंने कहा, "यहां एच1एन1 का प्रसार असामान्य नहीं है।"
शशिधर ने कहा, "यह समय वायरस से मिलकर लड़ने का है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ और आम जनता को मिलकर काम करना होगा। फ्लू के लक्षण का अहसास होते ही लोगों को जांच करवानी चाहिए। यदि आगे भी चिकित्सीय जांच की जरूरत महसूस हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।"
राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त पी.एन.श्रीनिवासचारी ने आईएएनएस से कहा कि यह कहना कठिन है कि स्वाइन फ्लू से सबसे अधिक बेंगलुरू ही क्यों प्रभावित है। उन्होंने कहा, "हम कह सकते हैं कि स्वाइन फ्लू का वायरस हवा में है। इस वक्त लोगों को सजग रहना चाहिए।"
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव आई.आर.पेरुमल ने लोगों से भयभीत नहीं होने के लिए कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications