एक चौथाई अफ्रीका जल संकट की चपेट में : पचौरी
कोलकाता, 29 अगस्त (आईएएनएस)। जलवायु परिवर्तन के कारण एक चौथाई अफ्रीका जल संकट की चपेट में है और यह संकट तेजी से गहराता जा रहा है। यह कहना है जाने-माने पर्यावरण विशेषज्ञ आर.के. पचौरी का।
यहां पर्यावरण विषय पर एक वीडियो क्लिप के जरिए दिए अपने भाषण में पचौरी ने कहा, "ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन की समस्या विकट होने के कारण पूरी दुनिया के सामने जल संकट खड़ा हो गया है। अफ्रीका का 25 फीसदी हिस्सा जल संकट झेल रहा है। अफ्रीका को पहले से कहीं ज्यादा भयावह सूखे का सामना करना पड़ेगा।"
उन्होंने कहा कि 2020 तक अफ्रीका की 7.5 से 25 करोड़ की आबादी को घोर जल संकट से जूझना पड़ेगा। अभी से ही यह समस्या गहराने लगी है। एनर्जी एवं रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट के महानिदेशक पचौरी ने कहा कि हाल के दशकों में जलवायु परिवर्तन की दर पहले से कहीं ज्यादा रही है। उनके मुताबिक पिछले 50 साल में वैश्विक तापमान में इजाफे की दर पिछले पूरे 100 की दर से दोगुनी से भी ज्यादा रही है। आर्कटिक क्षेत्र में बर्फ के पिघलने की दर अन्य क्षेत्रों की हिमनदियों के पिघलने की दर से ज्यादा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications