विदेशी निवेशकों की खरीददारी से सेंसेक्स में रहा उछाल (साप्ताहिक समीक्षा)
नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। सप्ताह के दौरान घरेलू अर्थव्यवस्था में किसी तरह के मजबूत रूझान नहीं दिखने के बावजूद देश के शेयर बाजारों में शानदार तेजी देखी गई।
शुक्रवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 16 हजार के मनोवैज्ञानिकस्तर के करीब 15,922.34 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह यह 15,240.83 अंकों पर बंद हुआ था। सेंसेक्स में 681.51 अंक यानी 4.47 फीसदी की बढ़त देखी गई।
बाजार नियामक संस्था भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी)के आंकड़ों के अनुसार सप्ताह के दौरान बाजार में यह तेजी मुख्य रूप से विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा की गई 76.25 करोड़ डॉलर की खरीददारी के कारण आई।
दरअसल, सेंसेक्स में सप्ताह के पांचों कारोबारी दिवसों के दौरान तेजी दर्ज की गई।
सोमवार को सेंसेक्स में 387.92 अंकों की बढ़त दर्ज की गई जबकि मंगलवार को यह 59.72 अंक और बुधवार को 81.38 अंक ऊपर चढ़ा।
गुरुवार और शुक्रवार को कारोबार में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। गुरुवार को सेंसेक्स में 11.22 अंकों की बढ़त दर्ज की गई जबकि शुक्रवार को इसमें 141.27 अंकों का उछाल आया।
सेंसेक्स के सभी 13 सेक्टरों में तेजी आई और रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्याद 10.88, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु सेक्टर में 8.17, सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर में 7.96 और प्रौद्योगिकी सेक्टर में सात फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।
सप्ताह के दौरान सेंसेक्स में शामिल टाटा मोटर्स के शेयरों में 13.2 फीसदी, स्टरलाइट में 10.71 फीसदी, विप्रो में 10.19 फीसदी, लार्सन एंड टुब्रो में 8.83 फीसदी, डीएलएफ में 8.1 फीसदी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 7.34 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
टाटा स्टील के शेयरों में 1.42 फीसदी, तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम के शेयरों 1.02 फीसदी और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में 0.61 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications