बदलते वक्त के साथ बखूबी ढलना जानता है निरुलाज फूड चेन
नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। मसालेदार मटन विंडालू, चिकन जैकुट्टी और पुर्तगाली सूप जैसे व्यंजन एक ऐसे रेस्तरां में लोगों की भीड़ खींच रहे हैं जिसकी पहचान मुख्यत: मजेदार आइसक्रीम और बर्गर परोसने वाले रेस्तरां की रही है। बात हो रही है मशहूर फास्ट फूड चेन निरुलाज की जो बदलते वक्त के साथ ढलना जानता है।
गोवा और उस पर असर रखने वाली पुर्तगाली खान-पान शैली के प्रतिनिधि व्यंजन इन दिनों निरुलाज द्वारा आयोजित गोवन फूड फेस्टिवल में लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। यह चेन यह साबित करना चाहती है कि उसने क्षेत्रीय खान-पान शैलियों के मुताबिक भी ढलना सीख लिया है। मध्य दिल्ली के कनॉट प्लेस में निरुलाज के पोटपूरी रेस्तरां में यह खाद्य महोत्सव चल रहा है।
निरुलाज के उपाध्यक्ष (विपणन) विनायक शौरी ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, "जीवनशैली में बदलाव एवं मध्य वर्ग के विस्तार के कारण भारतीयोंे की खान-पान शैली काफी बदल गई है। लोगों की खान-पान शैली विविध हो गई है। वे हर तरह के व्यंजनों को आजमाना चाहते हैं।"
अगस्त में शुरू हुआ यह खाद्य महोत्सव 30 सितंबर तक चलेगा। यहां कई तरह के गोवन और पुर्तगाली व्यंजन परोसे गए हैं। महोत्सव में सूप के कई जायकेदार संस्करण मौजूद हैं जो ग्राहकों को खींचते हैं। खासकर, काल्डो वेर्डे और चिकन कोकोनट सूप का क्रेज यहां कुछ ज्यादा ही है।
गोवन-पुर्तगाली व्यंजनों में लाल मिर्च एवं सिरके के इस्तेमाल का लंबा इतिहास रहा है। लंबी समुद्री यात्राओं के दौरान गोवा एवं पुर्तगाल के व्यापारी मांस को खाने योग्य बनाए रखने के लिए सिरके एवं मिर्च का इस्तेमाल करते थे। यहां उपलब्ध व्यंजनों पर यह असर देखा जा सकता है।
पोटपूरी के खाद्य प्रबंधक तजेंदर सिंह कहते हैं कि व्यंजनों की कीमत किफायती रखी गई है ताकि अधिक से अधिक लोग इस महोत्सव का लुत्फ उठा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications