आस्ट्रेलिया के प्रांतीय प्रमुख ने भारतीय छात्रों को पत्र लिखा
नीना भंडारी
एडिलेड, 29 अगस्त (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के एक प्रांत के प्रमुख ने असामान्य कदम उठाते हुए अपने राज्य में नामांकित सभी 4,787 भारतीय छात्रों को पत्र लिखकर उनकी सुरक्षा और कल्याण का आश्वासन दिया है।
दक्षिण आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री माइक रेन ने अपने पत्र में भारतीय छात्रों को अपनी सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए सहयोग को भी रेखांकित किया है।
आस्ट्रेलिया विशेषकर मेलबर्न और सिडनी में भारतीय छात्रों पर बढ़े हमलों कारण मीडिया में इस बात की आशंका जताई जा रही है कि इसके कारण देश के दूसरे प्रमुख निर्यातोन्मुख क्षेत्र शिक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
एडिलेड के फ्लिंडर्स विश्वविद्यालय से हाल ही में पर्यावरण प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल करने वाले रंगराजन रामास्वामी ने कहा कि रेन का पत्र पाकर वह आश्चर्यचकित हैं। यह जानकर अच्छा लगा कि दक्षिण आस्ट्रेलिया की राज्य सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय छात्रों की सुरक्षा को गंभीरता से लिया है।
प्रधानमंत्री के पत्र में एक अधिवक्ता प्रशिक्षण कार्यालय की स्थापना का विवरण दिया गया है जिसमें एडिलेड में रहने और शिक्षा प्राप्त करने के सभी पहलुओं पर सलाह और सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008-09 के दौरान भारतीय छात्रों की संख्या में 79.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रामास्वामी जैसे कई छात्रों की योजना अगले दो वर्षो तक आस्ट्रेलिया में काम करने की है। इसके बाद वह भारत लौटकर अपना खुद का व्यवसाय आरंभ करना चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications