स्वाइन फ्लू से 5 की मौत, मृतकों की संख्या 83 हुई (लीड-1)
कर्नाटक में शुक्रवार को तीन लोग इस बीमारी के शिकार हुए जिसमें से बेंगलुरू में दो और बीजापुर से एक मरीज शामिल है। महाराष्ट्र और केरल में एक-एक मरीज की मौत हो गई।
महाराष्ट्र में इस बीमारी से अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद कर्नाटक में इसके 23 शिकार हुए हैं।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार नवी मुंबई में गुरुवार देर रात स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक 39 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
राज्य स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के प्रमुख प्रदीप आवटे ने शुक्रवार को बताया कि स्वाइन फ्लू पीड़ित शेख को कुछ दिन पहले गंभीर हालत में नवी मुंबई के डी.वाई.अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई।
स्वाइन फ्लू की वजह से मुंबई में शेख सहित 10 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं पुणे में सबसे अधिक 25, नासिक में सात, लातुर में दो और औरंगाबाद, बीड, जालना और धुले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। राज्य के 34 में से 22 जिले स्वाइन फ्लू की चपेट में हैं।
देश में शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के 139 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही पीड़ितों की संख्या 3534 हो गई है।
शुक्रवार को सामने आए 139 मामलों में सर्वाधिक पीड़ितों में दिल्ली 24, केरल 23, महाराष्ट्र 20, कर्नाटक 19, तमिलनाडु 19, आंध्रप्रदेश 12, हरियाणा 5, पश्चिम बंगाल 6, उत्तर प्रदेश 6, राजस्थान 4, चंडीगढ़ 1 शामिल रहे।
बेंगलुरू में विधि संस्थान बंद :
स्वाइन फ्लू की आशंका से बेंगलुरू स्थित 'नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी' (एनएलएसआईयू) को 10 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
यहां इस संस्थान के अलावा कुछ अन्य शैक्षणिक संस्थानों को स्वाइन फ्लू के मद्देनजर बंद किया जा चुका है।
एनएलएसआईयू के कुलपति आर. वेंकेटराव ने आईएएनएस को बताया, "यह निर्णय सावधानी के तौर पर लिया गया है। विश्वविद्यालय 10 दिनों के लिए बंद किया गया है ताकि पूरे परिसर की सफाई हो सके। यह काम शुरू भी हो चुका है।"
यह विश्वविद्यालय 30 अगस्त को फिर से खुलेगा। राव ने कहा, "हम कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते। जब विश्वविद्यालय फिर से खुलेगा तो छात्रों को अपना चिकित्सा प्रमाण पत्र लाने के लिए कहा जाएगा। हम आगे छात्रों की जांच भी कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications