हरियाणा सरकार ने अपनी उपलब्धियां गिनाने में 8 करोड़ रुपये खर्च किए
हरियाणा विधानसभा को इसी महीने भंग किया गया है। उसके बाद से सरकार अपने कार्यो के 'गुणगान' संबंधी विज्ञापनों पर अब तक आठ करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।
दर्जनों टीवी चैनलों, रेडियो स्टेशनों और पत्र-पत्रिकाओं में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार और कांग्रेस पार्टी की उपलब्धियों संबंधी विज्ञापनों की बहार है।
एक सप्ताह का यह विज्ञापन संबंधी अभियान सोमवार को शुरू हुआ था। इन विज्ञापनों के लिए लोगों की गाढ़ी कमाई का पैसा खर्च किया जा रहा है लेकिन विज्ञापनों में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और हुड्डा की तस्वीरें जरूर प्रकाशित होती हैं।
सरकार के एक वरिष्ठ नुमाइंदे ने शुक्रवार को कहा, "हुड्डा सरकार ने वाकई जनता की भलाई के लिए काफी सकारात्मक काम किए हैं। उनके बारे में लोगों को बताने में हर्ज ही क्या है।"
आलम यह है कि टीवी से लेकर रेडियो तक 'नंबर-वन हरियाणा' शीर्षक वाले विज्ञापन दिन-रात, बार-बार सुनाए और दिखाए जा रहे हैं। पिछले पांच दिन से पत्र-पत्रिकाओं में भी 'नंबर-वन हरियाणा' से जुड़े विज्ञापनों की भरमार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications