कश्मीर में पकड़े गए 108 विदेशी आतंकवादी देश की विभिन्न जेलों में
अलगाववादी नेताओं का दावा है कि 6,200 लोगों को आतंकवाद संबंधी आरोपों के आधार पर जम्मू कश्मीर और अन्य राज्यों की जेलों में रखा गया है। इसके विपरीत राज्य सरकार का कहना है कि आतंकवाद के आरोप में राज्य में 2,384 लोगों को जेलों में रखा गया है, जबकि इसी आरोप में 65 लोगों को राज्य से बाहर की जेलों में रखा गया है।
गृह विभाग के एक आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, "वर्तमान में 2,449 (जम्मू कश्मीर में गिरफ्तार)लोगों को राज्य में और राज्य के बाहर विभिन्न जेलों में रखा गया है।"
जम्मू कश्मीर की जेलों में कैद जिन लोगों पर मुकदमें चल रहे हैं उन्हें सामान्य रूप से ही जेलों में रखा गया है। लेकिन कुछ विदेशियों को नागरिक सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत राज्य से बाहर की जेलों में रखा गया है। गृह विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक अन्य राज्यों की जेलों में कैद आरोपित विदेशी आतंकवादियों के प्रकरणों को जल्दी सुनवाई के लिए जम्मू कश्मीर से बाहर की अदालतों को सौंप दिया गया है।
सरकारी आंकड़ों को नकारते हुए हुर्रियत कांफ्रेंस के एक प्रवक्ता ने कहा है, "गैरकानूनी रूप से जेल में रखे गए कश्मीरियों की संख्या 6,200 से अधिक है"।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications