लश्कर के संदिग्ध आतंकवादी का रिमांड मांगेगा गुजरात एटीएस
लश्कर के कथित आतंकवादी को दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के रेलवे स्टेशन के समीप से गिरफ्तार किया था। लश्कर का कथित आतंकवादी 19 फरवरी 2006 को कोल्हापुर रेलवे स्टेशन पर कर्नावती एक्सप्रेस में हुए बम विस्फोट के सिलसिले में गुजरात पुलिस द्वारा वांछित था। इस विस्फोट में 21 यात्री घायल हो गए थे।
अधिकारी ने बताया, "आरोपी महाराष्ट्र पुलिस द्वारा भी औरंगाबाद जिले के बीड शहर में संदिग्ध आतंकी संपर्को की वजह से वांछित है।"
दिल्ली पुलिस ने उसके कब्जे से यूसुफ के नाम से एक पाकिस्तानी पासपोर्ट और जम्मू एवं कश्मीर प्रशासन की ओर से सलीम मोहम्मद के नाम से जारी मतदाता पहचान पत्र भी बरामद किया है। उस पर भरूच और वलसाड क्षेत्रों में आतंकवादियों को प्रशिक्षण देने का भी आरोप है।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस की पूछताछ पूरी होने पर गुजरात एटीएस आरोपी को अहमदाबाद लाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारियां आतंकवादियों की व्यापक योजनाओं को जानने में उपयोगी साबित होंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications