पोखरन द्वितीय की विफलता के दावे पर चिदंबरम ने 'अचरज' जताया
आर्थिक मामलों पर कैबिनेट समिति की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में चिदंबरम ने कहा, "मैंने वह समाचार रिपोर्ट देखी है। मैं हैरान हूं। सरकार इसका पता लगाएगी।"
चिदंबरम एक समाचार पत्र में गुरूवार प्रकाशित उस रिपोर्ट के संबंध में संवाददाताओं के सवालों का जवाब दे रहे थे जिसमें 1998 के परमाणु परीक्षणों से संबद्ध रहे एक वरिष्ठ वैज्ञानिक के हवाले से कहा गया है कि जिस थर्मोन्यूक्लियर डिवाइस का परीक्षण किया गया था वह नाकाम रहा था।
समाचार पत्र ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के प्रतिनिधि एवं 1998 के परमाणु परीक्षण स्थल की तैयारियों से जुड़े निदेशक के. संथानम के हवाले से यह खबर प्रकाशित की है। रिपोर्ट के अनुसार संथानम का कहना है कि ये तीनों परीक्षण उतने कामयाब नहीं रहे थे जितनी बड़ी कामयाबी का सरकार ने दावा किया था।
इससे पहले आईएएनएस से बातचीत में संथानम ने कहा कि भारत को व्यापक परमाणु परीक्षण संधि (सीटीबीटी) पर हस्ताक्षर करने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए क्योंकि उसे और भी परमाणु परीक्षण करने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications