शौरी पर नहीं होगी फौरी कार्रवाई

पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "शौरी ने जो बयान दिए थे पार्टी ने उसे संज्ञान में लिया है और उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि उनसे सिर्फ स्पष्टीकरण मांगा गया है न कि उन्हें कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।
जसवंत के तर्ज पर कार्रवाई नहीं
शौरी ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में बगावती तेवर अपनाते हुए पार्टी और पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मौजूदा नेतृत्व से भाजपा का भला नहीं होगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को आगे आकर चाबुक चलाना होगा और पूरी पार्टी का कायाकल्प करना होगा। वह भी नीचे के स्तर से नहीं बल्कि शीर्ष स्तर से।
शौरी के इन बयानों के मद्देनजर पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के निवास पर वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक हुई। बैठक में शौरी पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह की तर्ज पर फौरी कार्रवाई करने से बचने पर सहमति बनी। उन्हें सिर्फ स्पष्टीकरण देने को कहा गया।
जसवंत को जब पार्टी से निकाला गया था तो उन्होंने कहा था कि बिना कोई कारण पूछे उन्हें फोन पर पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। पार्टी के इस रवैये की आलोचना भी हुई थी। इसलिए पार्टी ने बेहतर समझा कि शौरी के ऊपर जो कुछ भी कार्रवाई हो उसमें नियम व प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications