स्वाइन फ्लू से 9 की मौत, मृतकों की संख्या 75 हुई (राउंडअप)
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान में कहा गया कि ताजा मामलों में महाराष्ट्र में पांच, कर्नाटक में तीन और उत्तराखंड में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
महाराष्ट्र में मुंबई में 28 वर्षीय व्यवसायी और पुणे में 35 साल की महिला फ्लू का शिकार हुई। कर्नाटक और उत्तराखंड के मृतकों का विवरण नहीं मिल पाया है।
महाराष्ट्र के पुणे में तीन अगस्त को फ्लू से पहली मौत हुई थी। उसके बाद से राज्य में 41 लोग इस बीमारी से दम तोड़ चुके हैं।
कर्नाटक में 19, गुजरात में 7, दिल्ली में 3, तमिलनाडु में 3, उत्तराखंड में 1 और केरल में 1 लोग इस बीमारी का शिकार होकर जान गंवा चुके हैं।
पुणे के ससून अस्पताल में बुधवार को स्वाइन फ्लू से 35 साल की एक महिला की मौत हो गई। राज्य के स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के अधिकारी ने बताया कि शबाना कादिर शेख को चार दिन पहले गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
एक और मामले में जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है। शहर के अस्पतालों में एच1एन1 के 109 मरीजों का इलाज हो रहा है। महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले और मौते पुणे में ही हुई हैं।
मुंबई में स्वाइन फ्लू से बुधवार को एक 28 वर्षीय व्यवसायी की निजी हीरानंदानी अस्पताल में मौत हो गई।
मृतक का नाम संदीप गायकवाड़ है और उसे तीन सप्ताह पहले गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लंबे इलाज के बावजूद उत्तर पश्चिम मुंबई के उपनगर कांदीवली के निवासी संदीप के स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और बुधवार तड़के उनकी मौत हो गई।
मुंबई के आपदा नियंत्रण अधिकारी के अनुसार एच1एन1 से प्रभावित 34 मरीजों का इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बुधवार को 177 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही देश में पीड़ितों की संख्या 3273 हो गई। नए पीड़ितों में एक मरीज ने विदेश यात्रा की है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के 21 अगस्त तक दुनिया भर में स्वाइन फ्लू से पीड़ितों की संख्या 182,166 हो गई है। इसके साथ ही इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1799 हो गई। मरने वालों में ज्यादातर अमेरिका और मेक्सिको के हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications