सीनेटर केनेडी के निधन से 'ऐतिहासिक युग का अंत' (राउंडअप)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ.केनेडी तथा सीनेटर रॉबर्ट केनेडी के छोटे भाई एडवर्ड के निधन की घोषणा मंगलवार रात की गई। एडवर्ड के नाम सबसे अधिक 46 वर्ष तक सीनेटर रहने का रिकार्ड दर्ज है।
केनेडी का निधन मैसाचुसेट्स के हीनिस बंदरगाह स्थित उनके पैतृक आवास पर हुआ।
डेमोकेट्रिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने की दौड़ में सीनेटर एडवर्ड केनेडी का प्रबल समर्थन हासिल करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने केनेडी को बुधवार को श्रद्धांजलि दी।
ओबामा ने कहा कि खुद जीवन के लिए संघर्ष रहे सीनेटर केनेडी ने उनकी उम्मीदवारी पर खुशी जाहिर की थी और राष्ट्रपति पद के चुनाव में उनकी विजय का भरोसा जताया था।
ओबामा के करिश्मे और राजनीतिक कद की तुलना एडवर्ड केनेडी के बड़े भाई और दिवंगत राष्ट्रपति जान एफ.केनेडी से की जाती है, जिनकी वर्ष 1963 में हत्या कर दी गई।
ओबामा ने एक बयान में कहा, "हमारे इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत हो गया है।"
ओबामा ने अपने बयान में कहा कि केनेडी ने वर्ष 2004 में पहली बार सीनेट में उनके निर्वाचित होने के दौरान पूरी स्थिति का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया था।
ओबामा ने कहा कि केनेडी "हमारे समय के महानतम सीनेटर थे।" उन्होंने अपने भाइयों की परंपरा को आगे बढ़ाया। एडवर्ड के एक अन्य भाई राबर्ट की हत्या वर्ष 1968 में कर दी गई थी। वह डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल थे।
केनेडी परिवार द्वारा जारी बयान में कहा गया, "टेड्डी (एडवर्ड इसी नाम से पुकारे जाते थे) एक अच्छे पति, पिता, दादा, भाई और चाचा थे। उन्होंने देश के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। वह हमेशा कहते थे कि हमारा बेहतरीन समय अभी आगे आने वाला है।"
कैलीफोर्निया के गर्वनर अर्नाल्ड श्वात्जनेगर ने एडवर्ड के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह महान व्यक्ति थे। उन्होंने कहा, "टैडी ने हमें सिखाया कि सार्वजनिक सेवा शौक नहीं, बल्कि जीवन शैली है।" श्वात्जनेगर की शादी एडवर्ड की एक भतीजी के साथ हुई है।
पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन की पत्नी नेन्सी रीगन ने एडवर्ड के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "उदारवादी शेर भले ही अब हमेशा के लिए शांत हो चुका है लेकिन उनके ख्वाब हमेशा जिंदा रहेंगे।" सीनेट के नेता हेरी रीड ने भी एडवर्ड के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications