जसवंत पाकिस्तान पहुंचकर करेंगे पुस्तक का प्रचार
इस्लामाबाद, 26 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित किए गए पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह अपनी विवादास्पद पुस्तक 'जिन्ना: इंडिया, पार्टिशन, इंडिपेंडेंस' के प्रचार के लिए इस सप्ताह के आखिर में पाकिस्तान पहुंचेंगे।
समाचार एजेंसी ऑनलाइन की खबर के मुताबिक जसवंत ने अपनी इस प्रस्तावित पाकिस्तान यात्रा को अब तक सार्वजनिक नहीं किया है। वह शुक्रवार को यहां पहुंच सकते हैं।
खबर में कहा गया है कि वह इस्लामाबाद में एक पुस्तक भंडार पर पहुंचकर किताब की प्रतिलिपियों पर हस्ताक्षर भी करेंगे। इस्लामाबाद के बाद वह कराची का भी दौरा करेंगे।
एजेंसी की इस खबर के अनुसार आयोजकों ने जसवंत के इस दौरे को लेकर चुप्पी साध रखी है। इस्लामाबाद में स्थित 'मिस्टर बुक्स' पुस्तक केंद्र पर उनकी किताब की मांग काफी ज्यादा है। फिलहाल यह पुस्तक इस्लामाबाद में यही उपलब्ध है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना पर लिखी इस पुस्तक की वजह से ही जसवंत को भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications