'बड़ी मछलियों' को पकड़ें : मनमोहन (लीड-2)
सीबीआई और राज्यों के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के 17वें द्विवार्षिक दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मनमनोहन सिंह ने यह बात कही। उन्होंने कहा, "एक न्यायपूर्ण, निष्पक्ष और न्यायसंगत समाज के निर्माण के प्रयास में बाधा डालने के साथ ही भ्रष्टाचार कई तरीकों से देश के आर्थिक विकास को नुकसान पहुंचा रहा है।"
सिंह ने कहा, "उच्च पदों पर फैले भ्रष्टाचार से कड़ाई से निपटना चाहिए। यह व्यापक धारणा है कि छोटे मामलों में तो तेजी से कार्रवाई होती है और बड़ी मछलियां दंड पाने से बच जाती हैं। इसे बदलना चाहिए। बड़े पदों से संबंधित भ्रष्टाचार के आरोपों के खिलाफ तेज, निष्पक्ष और सटीक जांच आपकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनसे दृढ़ता, तेजी और बिना भय या पक्षपात के कार्य करने की उम्मीद करता है और ऐसा करने के लिए उन्हें संवैधानिक और कानूनी संरक्षण तथा सुरक्षा हासिल है।
उन्होंने सामाजिक क्षेत्र के कार्यक्रमों के लिए स्वीकृत लाखों रुपयों के संदर्भ में कहा, "भ्रष्टाचार से सबसे अधिक गरीब लोग प्रभावित होते हैं। हमारे कुछ सबसे महत्वाकांक्षी और विस्तृत कार्यक्रम समाज के गरीबों और वंचितों की मदद के लिए हैं। परंतु सरकार जो कुछ भी उपलब्ध कराती है वह वास्तविक लाभार्थियों तक नहीं पहुंचता। चाहे वह गरीबों को कम दर पर खाद्यान्न, कर्ज, छोटे और सीमांत किसानों के लिए उर्वरक या बीज या फिर बेरोजगारों के लिए रोजगार कार्यक्रम हो।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि धर्मनिरपेक्ष मूल्यों और 'आजादी की प्रतिबद्धता' के लिए पूरी दुनिया में सम्मानित देश की छवि को भ्रष्टाचार धूमिल कर रहा है। 'भ्रष्टाचार की बुराई' से प्रभावी तरीके से और तत्काल निपटा जाना चाहिए क्योंकि यह 'देश को आगे बढ़ाने के हमारे प्रयासों' को कमजोर कर रहा है।
उन्होंने कहा, "विश्व हमारे लोकतंत्र, हमारे बहुलवादी और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों, हमारी स्वतंत्र न्यायपालिका और मुक्त प्रेस, स्वतंत्रता और शांति तथा न्यायपूर्ण और समग्र विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सम्मान करता है। देश आगे बढ़ रहा है और विश्व अर्थव्यवस्था से जुड़ रहा है, लेकिन सवरेत्कृष्ट प्रौद्योगिकी और संसाधनों के उपयोग में भ्रष्टाचार लगातार बाधा बना हुआ है।"
प्रधानमंत्री ने इससे पहले सीबीआई के 20 अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया और एजेंसी से आत्म-निरीक्षण और अपने कार्यो का गंभीरता से विश्लेषण करने को कहा।
पदक पाने वाले अधिकारियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए मनमोहन सिंह ने सीबीआई को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने को कहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications