टेलीफोन से समस्याओं की खोज!
प्रदेश सरकार ने आम आदमी की समस्या जानने के लिए थाने से लेकर जिला स्तर तक जन सुनवाई की शुरुआत की है। यह जन सुनवाई हर मंगलवार को होती है। ग्वालियर के संभागायुक्त सोलंकी ने अपने स्तर पर संभाग के गांव की समस्या जानने का नया प्रयोग किया है।
ग्वालियर संभाग में ग्वालियर के अलावा शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और दतिया जिले आते हैं। सोलंकी हर मंगलवार को प्रत्येक जिले के कम से कम एक गांव के ग्रामीण को टेलीफोन लगाकर उसके गांव की समस्याएं पूछते हैं। तीन दिन बाद उस गांव में शिविर लगाकर समस्याओं की जानकारी हासिल कर निराकरण की कवायद शुरू होती है। तय समय के बाद गांव से आने वाली शिकायत और उनके समाधान की पहल की समीक्षा की जाती है।
संभागायुक्त सोलंकी ने आईएएनएस से चर्चा करते हुए कहा कि हर गांव तक पहुंच कर समस्याओं का पता करना उनके लिए आसान नहीं है और उनके समाधान के लिए की गई पहल के परिणाम भी आसानी से नहीं मिलते। इसलिए उन्होंने ग्रामीणों से सीधे तौर पर गांव की समस्या जानने के लिए टेलीफोन को सम्पर्क सू़त्र बनाया है। वह कुछ समय बाद दोबारा उसी व्यक्ति से सम्पर्क कर जानकारी हासिल करते हैं जिससे उन्हें समस्या का पता चला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications