एयर इंडिया कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन जारी (लीड-1)
इससे पहले बुधवार तड़के कर्मचारी संघों और प्रबंधन के बीच चली मैराथन बातचीत विफल हो गई थी।
एयर इंडिया कर्मचारी संघ के अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया जा सका।
एयर कॉर्प इंप्लाई यूनियन (एसीईयू) के महासचिव जे. बी. कादियन ने कहा, "एयर इंडिया के प्रबंधन के साथ हमारी बातचीत शाम से बुधवार सुबह दो बजे तक जारी रही। 12 संघों में से केवल एयर इंडिया केबिन क्रू एसोसिएशन ने वेतन में कटौती के प्रस्ताव को स्वीकार किया।"
आर्थिक संकट से जूझ रही एयर इंडिया ने इस माह कुछ कर्मचारियों को वेतन का भुगतान नहीं किया है। 20 अगस्त को उसने यह भी घोषणा की थी कि वह प्रदर्शन के आधार पर कर्मचारियों की प्रोत्साहन राशि में 30 से 50 फीसदी तक की कटौती करेगी।
एयरलाइंस के फैसले के विरोध में विमानन कंपनी के करीब 20 हजार कर्मचारी देश कि विभिन्न हवाईअड्डों पर मंगलवार से तीन दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
विमानन कंपनी मंगलवार को तुरंत वेतन जारी करने पर सहमत हो गई थी लेकिन वह प्रोत्साहन राशि में कटौती के फैसले पर विचार करने को तैयार नहीं है।
कादियन ने कहा, "भूख हड़ताल जारी है। हम गुरुवार को भी हड़ताल पर रहेंगे।"
उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन अपनी बातों पर अड़ा रहा तो कर्मचारी अगले सप्ताह फिर से हड़ताल पर जाएंगे।
हड़ताल में शामिल कर्मचारियों की संख्या कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या के करीब आधा है।
दिल्ली में एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि हड़ताल के कारण विमानों की उड़ान पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications