स्वाइन फ्लू से 2 की मौत, मृतकों की संख्या 68 हुई (लीड-1)
पुणे के ससून अस्पताल में बुधवार को स्वाइन फ्लू से 35 साल की एक महिला की मौत हो जाने से शहर में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई।
राज्य के स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष के अधिकारी ने बताया कि शबाना कादिर शेख को चार दिन पहले गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
एक और मामले में जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है। शहर के अस्पतालों में एच1एन1 के 109 मरीजों का इलाज हो रहा है। महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले और मौते पुणे में ही हुई हैं।
मुंबई में स्वाइन फ्लू से बुधवार को एक 28 वर्षीय व्यवसायी की निजी हीरानंदानी अस्पताल में मौत हो गई। शहर में एच1एन1 वायरस के संक्रमण से होने वाली यह सातवीं मौत है।
मृतक का नाम संदीप गायकवाड़ है और उसे तीन सप्ताह पहले गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लंबे इलाज के बावजूद उत्तर पश्चिम मुंबई के उपनगर कांदीवली के निवासी संदीप के स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और बुधवार तड़के उनकी मौत हो गई।
इस तरह शहर में इंफ्लुएंजा ए से मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। दोपहर में जारी एक आधिकारिक बयान में मृतकों की संख्या छह बताई गई है, इसमें गायकवाड़ का नाम शामिल नहीं है।
मुंबई के आपदा नियंत्रण अधिकारी के अनुसार एच1एन1 से प्रभावित 34 मरीजों का इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
गायकवाड़ की मौत के बाद देश में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 68 हो गई है। देश भर में इस बीमारी से करीब 3095 लोग संक्रमित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications