बिहार में स्वाइन फ्लू का मामला नहीं
राज्य में अब तक 10 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे जिसमें से आठ की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। अब तक एक मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग के डॉ़ विजय कुमार ने बुधवार को बताया कि आज 10 लोग स्वाइन फ्लू की जांच के लिए यहां आये थे जिनमें स्वाइन फ्लू का कोई भी लक्षण नहीं दिखाई दिया जिस कारण स्क्रीनिंग के बाद सभी को वापस भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से अधिकतर लोग बक्सर जिले के रहने वाले हैं जो मुंबई से आज ही लौटे।
पीएमसीएच के स्वाइन फ्लू वार्ड के को-आर्डिनेटर डॉ़ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यहां से भेजे गये नमूनों में से बुधवार को राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान (एनआईसीडी) से पांच नमूनों की जांच रिपोर्ट आ गयी है जिसमें किसी में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि अब तक 10 लोगों को नमूने जांच के लिए भेजे गये हैं जिसमें से आठ की जांच रिपोर्ट आ गई है। जिसमें एक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। सिंह के मुताबिक 20 और 21 अगस्त को भेजे गए सिर्फ दो नमूनों की जांच रिपोर्ट अब तक नहीं आई है।
उल्लेखनीय है कि अब तक बिहार में सिर्फ एक व्यक्ति में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications