पंजाब में सड़क दुर्घटना में 4 तीर्थयात्रियों की मौत
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना जीप और ट्रक के बीच सीधी टक्कर के कारण हुई। तीर्थयात्री जीप में सवार थे। घटना बटाला कस्बे में स्थित चीनी मिल के सामने हुई।
तीर्थयात्री जम्मू स्थित वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन के बाद राजस्थान लौट रहे थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इनमें से एक जीप का चालक है। चारों लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। पांच लोगों को स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया। बाद में उन्हें अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।"
अधिकारी के मुताबिक जीप और ट्रक विपरीत दिशा से काफी तेज रफ्तार में आ रहे थे। चीनी मिल के मुख्य द्वार के ठीक सामने हुई इस दुर्घटना में जीप में सवार एक पांच वर्षीय बच्ची को कोई चोट नहीं आई।
पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चालक फरार बताया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications