शेयर बाजारों में हल्की बढ़त, सेंसेक्स में 81 अंकों की वृद्धि (राउंडअप)
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'सेंसेक्स' 81.38 अंकों (0.52 प्रतिशत) की वृद्धि के साथ 15,769.85 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान बीएसई 15,831.49 के ऊपरी और 15,695.94 के निचले स्तर पर पहुंचा। कारोबार के आरंभ में सेंसेक्स 74.62 अंकों की बढ़त के साथ खुला।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'निफ्टी' 21.50 अंकों (0.4 प्रतिशत) की वृद्धि के साथ 4,680.85 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 4,697.80 के ऊपरी और 4,659.10 के निचले स्तर पर पहुंचा। कारोबार के आरंभ में निफ्टी 0.10 अंक की मामूली बढ़त के साथ खुला।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांकों में भी वृद्धि दर्ज की गई। मिडकैप सूचकांक 63.02 अंकों (1.1 प्रतिशत) की वृद्धि के साथ 5,800.55 पर बंद हुआ। स्मालकैप सूचकांक 133.11 अंकों (1.97 प्रतिशत) की वृद्धि के साथ 6,878.35 पर बंद हुआ।
बीएसई में कारोबार के दौरान आईटी क्षेत्र, तकनीकी, रियल्टी और हेल्थकेयर कंपनियों के शेयर मूल्यों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई। आईटी के शेयर मूल्यों में 3.35 प्रतिशत, तकनीकी कंपनियों के शेयर मूल्यों में 2.50 प्रतिशत, रियल्टी के शेयर मूल्यों में 1.23 प्रतिशत और हेल्थकेयर कंपनियों के शेयर मूल्यों में 0.80 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
बीएसई में कारोबार के दौरान तेज खपत वाली उपभोक्ता वस्तुओं (एफएमसीजी), टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं (कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, सीडी) और बैंकों के शेयर मूल्यों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। एफएमसीजी के शेयर मूल्य में 1.01 प्रतिशत, सीडी के शेयर मूल्य में 0.45 प्रतिशत और बैंकों के शेयर मूल्य में 0.16 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई में कारोबार का रुख सकारात्मक रहा और 1945 कंपनियों के शेयर मूल्यों में वृद्धि दर्ज की गई। 851 कंपनियों के शेयर मूल्यों में गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications