स्वाइन फ्लू से भयभीत नेपालियों ने पुणे के व्यक्ति को गांव से निकाला
महाराष्ट्र के पुणे में मजदूरी करने वाले इस व्यक्ति को लोगों ने गांव छोड़ने के लिए विवश कर दिया। ठाकुर प्रसाद चौधरी नामक यह व्यक्ति यह सोचकर अपना गांव आया था कि कुछ दिन वह यहां स्वास्थ्य लाभ करेगा पर गावंवालों ने उसे इस मौके से वंचित कर दिया। चौधरी शनिवार को कैलाली जिला स्थित अपना गांव जानकीनगर पहुंचा।
चौधरी की पुणे के एक अस्पताल में दो सप्ताह पहले स्वास्थ्य जांच की गई थी। डाक्टरों ने उसे रक्तल्पता का मरीज करार देते हुए उसे आराम करने की सलाह दी। ऐसी सूरत में उसे गांव की याद आई। गांव पहुंचते ही लोगों ने उसे स्वाइन फ्लू का रोगी करार दे दिया।
नया पत्रिका नाम के अखबार के मुताबिक चौधरी की लाख मिन्नतों के बावजूद उसे परिवार के साथ रहने की इजाजत नहीं दी गई। मीडिया में आईं खबरों से गांव वाले इतने खौफजदा हैं कि उन्होंने चौधरी के पास फटकने से भी परहेज किया। चौधरी की पत्नी सीता ने बताया कि उसके पति द्वारा डाक्टर का पर्चा दिखाए जाने के बाद भी लोगों को यकीन नहीं हुआ। अब चौधरी ने बांके जिले के नेपालगंज शहर में पनाह ले रखी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications