अब मुलायम इस्पाती टेबल मैट भी बाजार में उपलब्ध
शिल्पा रैना
नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। अभी तक आप इस्पाती बर्तनों में खाना खाते रहते रहे हैं, पर अब इस्पाती मेजपोश भी बाजार में आपके लिए उपलब्ध है। एक लाइफ स्टाइल ब्रांड ने टेबल मैट, रनर और कोस्टर का संग्रह लांच किया है।
खाने की मेज पर बिछाई जाने वाली यह चटाई इतनी मुलायम है कि आप क्षण भर के लिए इस्पात की उस खूबी को भूल जाएंगे जो कठोरता की पर्याय है। इन उत्पादों का इस्तेमाल बेहद मुलायम इस्पाती तार से किया गया है। इन्हें आर्टडिनॉक्स लिमिटेड ने अपनी होम वेयर सीरीज 'सिल्क स्टील कलेक्शन' के तहत बाजार में उतारा है। डिजाइनर राहुल और गुंजन को इनकी डिजाइन तैयार करने का श्रेय जाता है।
कंपनी के सीओओ वीर कौल कहते हैं, "हम महज सामान्य व पारंपरिक किचन उत्पाद बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहते। हम नए प्रयोग के मामले में अपने समकालीनों से आगे निकलना चाहते हैं।"
इस कार्य को कठिन करार देने वाले डिजाइनर गुंजन कहते हैं, "हमें इस्पाती धागों से ऐसे उत्पाद तैयार करने से पहले काफी शोध करना पड़ा। यह वाकई अहम चुनौती थी। सिल्क या र्ऑगजा की चटाई के उलट इस्पाती तार से चटाई बुनना आसान नहीं है। हम यह साबित करना चाहते थे कि इस्पात का इस्तेमाल सिर्फ बर्तन बनाने के लिए ही नहीं बल्कि मैट, रनर एवं कोस्टर तैयार करने के लिए भी किया जा सकता है।"
बाजार में छह कोस्टर का सेट 1,170 रुपए, छह टेबुल मैट का सेट 3,800 रुपए और एक रनर 2,490 रुपए में उपलब्ध है। ये उत्पाद कई दिलकश रंगों में उपलब्ध हैं। राहुल ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि रसोईघर और भोजन कक्ष के माहौल को ध्यान में रखते हुए इन उत्पादों को हलके रंगों में उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों में रचनात्मकता झलकती है जो इनका इस्तेमाल करने वालों को प्रभावित किए बगैर नहीं रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications