ओबामा से प्रेरित होकर मैं सार्वजनिक जीवन में उतरा : भारतीय अमेरिकी
शिकागो, 26 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी सीनेट के लिए राष्ट्रपति बराक ओबामा के चुनाव अभियान के दौरान उनके सलाहकार रह चुके राजा कृष्णमूर्ति ने खुद सार्वजनिक जीवन में उतरने का ऐलान कर दिया है। वह इलिनॉय प्रांत के नियंत्रक पद के दावेदारों की जमात में शामिल हो गये हैं।
कृष्णमूर्ति न सिर्फ ओबामा के सहयोगी रहे हैं, बल्कि उनकी ओबामा से खास समानता भी है। ओबामा की तरह ही वह हार्वर्ड लॉ स्कूल के छात्र रहे हैं। नई दिल्ली में जन्मे कृष्णमूर्ति का कहना है कि उन्होंने ओबामा से प्रेरित होकर ही सार्वजनिक जीवन में भूमिका निभाने का फैसला किया है। ओबामा की तरह ही 36 वर्षीय कृष्णमूर्ति सार्वजनिक जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अपनी आकर्षक नौकरी छोड़ चुके हैं।
अगर वह इस पद के लिए चुने जाते हैं तो राज्य में ऐसी उपलब्धि हासिल करने वाले प्रथम भारतीय होंगे। वह ऐसे समय इस महत्वपूर्ण पद पर आसीन होने की होड़ में शामिल हैं जब यह प्रांत घोटालों के कारण सुर्खियों में है। खुद यहां के अपदस्थ गवर्नर रॉड ब्लैगोजेविच का दामन दागदार हो गया है। इन घोटालों में कई भारतीयों के नाम भी उछले, पर अभी तक किसी के भी खिलाफ अभियोग तय नहीं हुआ है।
कृष्णमूर्ति के एजेंडे में प्रांत को बेहतर प्रशासन देने का लक्ष्य शामिल है। वह इस संवाददाता से बातचीत करते हुए कहते हैं, "सरकार में ऐसे लोगों की जरूरत है जो सार्वजनिक जीवन को दूसरे की सेवा करने का मौका समझता हो, न कि दोस्तों और परिवार को लाभ पहुंचाने का अवसर।"
प्रांत का नियंत्रक मुख्य राजकोषीय अधिकारी होता है जिसका कार्यालय प्रांत की तमाम राजकोषीय गतिविधियों का न सिर्फ संचालन करता है, बल्कि इन पर नजर भी रखता है। वह इलिनॉय के उप कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। वह कहते हैं,"ओबामा मेरे प्रेरणास्रोत हैं। मैं जनता की सेवा करना चाहता हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications