नर्सिग होम मालिक के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज
लखनऊ, 25 अगस्त(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक नर्सिग होम मालिक एवं चिकित्सक के खिलाफ 23 वर्षीया एक युवती के साथ कथित बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि शहर के शहादतपुरा इलाके में नर्सिग होम चलाने वाले चिकित्सक ओ.एन.वर्मा पर आरोप है कि उसने आपरेशन थियेटर में युवती से बलात्कार किया। वर्मा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार को एक युवती अपनी मां के साथ आजमगढ़ से वर्मा के नर्सिग होम में इलाज कराने आई। उस समय नर्सिग होम की एक महिला चिकित्सक की निगरानी में उसे जनरल वार्ड में भर्ती किया गया। बाद में नियमित निगरानी (रुटीन इंस्पेक्शन) पर आए नर्सिग होम के मालिक एवं चिकित्सक वर्मा ने पीड़िता से मिलकर उसका हाल जाना। थोड़ी देर बाद वार्ड से बाहर आकर वर्मा ने पीड़िता की मां से कहा कि उसका ऑपरेशन होगा।
मिश्र ने बताया कि वर्मा पीड़िता को आपरेशन थियेटर के अंदर लेकर गया और वहां कथित तौर पर बलात्कार किया। बाद में उसने पीड़िता की मां से कहा कि अचेत अवस्था में पड़ी बेटी को घर ले जाए, उसका आपरेशन हो चुका है और वह जल्द ही ठीक जाएगी। पीड़िता ने होश में आने पर अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद पीड़िता की मां ने सोमवार देर शाम आरोपी चिकित्सक के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया।
मिश्र ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पीड़िता का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications