जसवंत की तरह शौरी पर नहीं होगी फौरी कार्रवाई (लीड-1)
पार्टी ने शौरी से फिलहाल स्पष्टीकरण देने को कहा है। पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "शौरी ने जो बयान दिए थे पार्टी ने उसे संज्ञान में लिया है और उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि उनसे सिर्फ स्पष्टीकरण मांगा गया है न कि उन्हें कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।
शौरी ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में बगावती तेवर अपनाते हुए पार्टी और पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मौजूदा नेतृत्व से भाजपा का भला नहीं होगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को आगे आकर चाबुक चलाना होगा और पूरी पार्टी का कायाकल्प करना होगा। वह भी नीचे के स्तर से नहीं बल्कि शीर्ष स्तर से।
शौरी के इन बयानों के मद्देनजर आज दोपहर पार्टी मुख्यालय में भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने एक बैठक की। इस बैठक में पार्टी के संगठन महामंत्री रामलाल, महासचिवों में विजय गोयल और थावरचंद गहलोत और पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने हिस्सा लिया। बैठक में शौरी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर आम सहमति नहीं बन सकी।
इसके बाद देर शाम पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के निवास पर वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक हुई। बैठक में शौरी पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह की तर्ज पर अरुण शौरी पर फौरी कार्रवाई करने से बचने पर सहमति बनी। उन्हें सिर्फ स्पष्टीकरण देने को कहा गया।
ऐसा इसलिए क्योंकि शौरी पर कार्रवाई करने को लेकर पार्टी की मंगलवार को हुई दोनों बैठकों में दो तरह के विचार सामने आए। एक विचार यह आया कि जसवंत और शौरी के मामलों को एक तराजू पर नहीं तौला जा सकता। जसवंत ने विचारधारा पर सवाल उठाए थे जबकि शौरी ने ऐसा नहीं किया। शौरी ने पार्टी की बेहतरी के लिए आवाज उठाया है। इसलिए जसवंत की तरह उनके साथ बर्ताव नहीं किया जाना चाहिए। जबकि दूसरा विचार यह था कि चूंकि शौरी ने सीधे-सीधे पार्टी और पार्टी अध्यक्ष पर सवाल उठाए हैं इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
जसवंत को जब पार्टी से निकाला गया था तो उन्होंने कहा था कि बिना कोई कारण पूछे उन्हें फोन पर पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। पार्टी के इस रवैये की आलोचना भी हुई थी। इसलिए पार्टी ने बेहतर समझा कि शौरी के ऊपर जो कुछ भी कार्रवाई हो उसमें नियम व प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications