बिहार में नक्सलियों ने रेलवे स्टेशन में आग लगाई
पुलिस के अनुसार बिहार के गया जिले के इस्माइलपुर रेलवे स्टेशन पर आज शाम भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के करीब 50-60 नक्सलियों ने धावा बोल दिया। नक्सलियों ने सबसे पहले स्टेशन पर कार्यरत सहायक स्टेशन प्रबंधक और एक रेल कर्मचारी को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद रेलवे स्टेशन में आग लगा दी।
गया राजकीय रेल पुलिस बल (जीआरपी) के पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार ने बताया कि इस घटना में स्टेशन के कागजात तथा फर्नीचर समेत कई मशीन जलकर खाक हो गए। उन्होंने कहा कि घटना के बाद इस रेलखंड पर परिचालन बंद कर दिया गया है तथा पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान प्रारंभ कर दी है।
इसके पूर्व सोमवार की रात नक्सलियों ने औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र के एरकी गांव में धावा बोलकर एक सामुदायिक भवन में विस्फोटक लगाकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने सोमवार से पांच राज्यों में दो दिवसीय बंद का आह्वान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications