स्वाइन फ्लू से 4 की मौत, मृतकों की संख्या 68 हुई (लीड-2)
स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान में कहा गया कि मंगलवार को 186 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से केवल नौ लोगों ने विदेश यात्रा की है। नए मामलों में दिल्ली में 41, महाराष्ट्र 34, कर्नाटक 29, गुजरात 23, केरल 16, तमिलनाडु 12, आंध्र प्रदेश 9, उत्तर प्रदेश 9, पश्चिम बंगाल 4, असम 2, चंडीगढ़ 1, हरियाणा 1, छत्तीसगढ़ 1, मध्य प्रदेश 1 शामिल हैं।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एन. के.चतुर्वेदी के अनुसार फरीदाबाद निवासी उषा जैन ने सुबह 10.15 बजे अस्पताल में दम तोड़ दिया।
चतुर्वेदी ने आईएएनएस को बताया, "महिला को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत नाजुक थी और उसे वेंटीलेटर पर रखा गया था।"
उषा जैन को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और हालत बिगड़ने पर बाद में राम मनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया था। चुतर्वेदी ने बताया कि वह बुखार, जुकाम, खांसी से पीड़ित थीं और उसे सांस लेने में कठिनाई हो रही थी।
उसके नमूने जांच के लिए भिजवाए गए थे। सोमवार को उसके स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की पुष्टि हुई।
कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से 28 साल के एक युवक की मौत हो जाने से राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई।
चोलनायाकनाहल्ली गांव के निवासी सिद्दाराजू ने रविवार को राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ चेस्ट डिसीजेस (आरजीआईसीडी) में दम तोड़ दिया। आरजीआईसीडी के निदेशक शशिधर बुग्गी ने आईएएनएस को बताया, "वह एच1एन1 और चिकनगुनिया दोनों से संक्रमित पाया गया। उसे गंभीर हालत में 21 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।"
उन्होंने बताया, "सिद्दाराजू के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने का पता चलते ही हम यह घोषणा कर रहे हैं कि उसकी मौत एच1एन1 से हुई। हमने उसे टेमीफ्लू की दवा खिलाई थी लेकिन उसकी हालत बिगड़ती गई।"
कर्नाटक में गत 12 अगस्त को स्वाइन फ्लू से पहली मौत हुई थी। पखवाड़े भर में ही यहां इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 15 हो गई है।
राज्य में बेंगलुरू में 27, बेलगाम में पांच, मेंगलौर में दो तथा मैसूर और शिमोगा में स्वाइन फ्लू के एक-एक मरीज का इलाज चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications