बिहार में नए दिशा-निर्देश के तहत होगी मरीजों की जांच (लीड-1)
स्वास्थ्य मंत्री ने मंगलवार को पटना में पत्रकारों के साथ चर्चा करते हुए कहा कि पटना के राजेन्द्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरएमआरआई) में सितंबर माह से स्वाइन फ्लू के नमूने की जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पटना तथा दरभंगा में जल्द ही बॉयोरोलॉजी लैब खोली जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को स्वाइन फ्लू से डरने की जरूरत नहीं है। राज्य में अब तक सिर्फ एक व्यक्ति में फ्लू का लक्षण पाया गया था जिसमें अब काफी सुधार है। दिल्ली से फ्लू के नमूने की जांच रिपोर्ट आने में देरी के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि कुछ रिपोर्ट आई हैं जिसमें स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में फ्लू की दवा उपलब्ध है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक नए दिशा निर्देश के मुताबिक संदिग्ध मरीजों को ए, बी और सी श्रेणी में बांटा जाएगा। अब तक स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए तत्काल दिल्ली भेज दिए जाते थे, परंतु अब ऐसा नहीं होगा।
ए और बी श्रेणी के मरीजों को अस्पताल में भर्ती नहीं कराया जाना है, इन्हें घर पर ही एकांत में रहने को कहा जाएगा तथा कुछ खास मरीजों को सामान्य उपचार के साथ टेमीफ्लू की दवा लेने को कहा जाएगा। ऐसे मरीजों को न अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत हैे और न ही नमूने की जांच के लिए भेजे जाने की आवश्यकता है।
सी श्रेणी के मरीजों को जिनमें सांस लेने की तकलीफ हो, नाखून नीला पड़ जाए, रक्तचाप कम हो तो ऐसे मरीजों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता है तथा इनके नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि तीनों श्रेणी के मरीजों को बुखार और गले में खराश हो सकता है।
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ़ शंकर प्रकाश ने मंगलवार को बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा सोमवार को दिए गए नए दिशा-निर्देश पर ही पीएमसीएच में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के अनुसार स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा बिहार में टेमीफ्लू की चार लाख गोलियां उपलब्ध कराई गई है। इन्हें राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में सिविल सर्जन कार्यालय तथा मेडिकल कॉलेजों में भेजा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में अब तक एक मरीज में स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications