लुधियाना स्टेशन से संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार (लीड-1)
लुधियाना, 25 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक संदिग्ध आतंकवादी द्वारा ट्रेन से उतरकर की गई अंधाधुंध गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो जाने और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ)के दो जवानों के घायल हो जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पठानकोट से झेलम एक्सप्रेस में सफर कर रहा था। पुलिस ने उसके साथ यात्रा कर रही उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान उजागर नहीं की गई है।
पुलिस अधीक्षक सुरिंदर सिंह कालिया ने आईएएनएस को बताया, "हम गोलीबारी की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उसने एकाएक ट्रेन से बाहर निकलकर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस गोलीबारी में एक दुकानदार की मौत हो गई और आरपीएफ के दो जवान घायल हो गए।"
कालिया ने बताया, "हमें शक है कि उसका किसी आतंकवादी संगठन से संबंध है। वह होश में नहीं है इसलिए हमारी जांच में विलंब हो रहा है। जांच जारी है।"
इस बीच पुलिस ने उसका सामान तथा वारदात में इस्तेमाल की गई रिवाल्वर जब्त कर ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications