कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से युवक की मौत
बेंगलुरू, 25 अगस्त (आईएएनएस)। कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से 28 साल के एक युवक की मौत हो जाने से राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई। यह जानकारी एक अधिकारी ने मंगलवार को दी।
चोलनायाकनाहल्ली गांव के निवासी सिद्दाराजू ने रविवार को राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ चेस्ट डिसीजेस (आरजीआईसीडी)में दम तोड़ दिया। आरजीआईसीडी के निदेशक शशिधर बुग्गी ने आईएएनएस को बताया, "वह एच1एन1 और चिकनगुनिया दोनों से संक्रमित पाया गया। उसे गंभीर हालत में 21 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।"
उन्होंने बताया, "सिद्दाराजू के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने का पता चलते ही हम यह घोषणा कर रहे हैं कि उसकी मौत एच1एन1 से हुई। हमने उसे टेमीफ्लू की दवा खिलाई थी लेकिन उसकी हालत बिगड़ती गई।"
कर्नाटक में गत 12 अगस्त को स्वाइन फ्लू से पहली मौत हुई थी। पखवाड़े भर में ही यहां इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 15 हो गई है।
सोमवार को कर्नाटक से स्वाइन फ्लू के नौ नए मामले सामने आए थे। इनमें से आठ बेंगलुरू और एक शिमोगा का रहने वाला है।
राज्य में बेंगलुरू में 27, बेलगाम में पांच, मेंगलौर में दो तथा मैसूर और शिमोगा में स्वाइन फ्लू के एक-एक मरीज का इलाज चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications