जिन्ना राष्ट्र के प्रति समर्पित थे : सुदर्शन
'गौ सेवा भारती' द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे सुदर्शन ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, "इतिहास को ठीक तरह से पढ़ा जाए तो पता चलता है कि जिन्ना के कई रूप हुए है। उन्होंने तिलक के साथ रहकर काम किया है और वह पूरी तरह राष्ट्र के लिए समर्पित थे।"
सुदर्शन ने भारत विभाजन के लिए महात्मा गांधी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि गांधी ने देश का बंटवारा अपनी शव पर होने की बात कही थी परंतु वह उस पर कायम नहीं रहे और आखिर में देश का बंटवारा हुआ। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी गोहत्या के खिलाफ थे लेकिन जवाहर लाल नेहरू के कारण गोहत्या पर प्रतिबंध नहीं लग सका ।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संघ के नियंत्रण के बारे में सुदर्शन ने कहा कि संघ का काम का शाखा लगाना है। वहीं भाजपा की अपनी नियमावली है और उसका कार्य करने का अपना तरीका है। संघ इसमें कोई दखल नहीं देता है।
सुदर्शन ने मोहम्मद हजरत की आयतों का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी गायों के संवर्धन के पक्षधर थे। उनकी आयतों में गाय के दूध को अमृत और मांस को जहर बताया गया है। इसलिए गोहत्या के लिए सिर्फ मुसलमानों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications