दलित को अपशब्द कहने के आरोप में सांसद का पति गिरफ्तार
अलीगढ़ के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदयेश कुमार ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि देवेंद्र को सोमवार तड़के करीब तीन बजे गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ रविवार देर रात इगलास थाने में ग्राम प्रधान रोहन जाटव की शिकायत पर अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम सहित भारतीय दंड संहिता की 153-ए सहित कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सिंह के अलावा 26 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल किसी और की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कुमार ने बताया कि इलाके में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) के कर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस के मुताबिक हाथरस लोकसभा क्षेत्र की सांसद सारिका अपने पति के साथ रामपुर बिदरका गांव में रविवार शाम एक कार्यक्रम में शिरकत करने गई थीं। इस दौरान उनके पति ने मंच से पूछा कि इलाके में विकास कार्य हो रहे हैं, तो गांव के प्रधान रोहन जाटव ने इससे इंकार किया। इस पर देवेंद्र ने कथित तौर पर प्रधान जाटव के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर समर्थकों से उनकी पिटाई करवा दी। इसके बाद जाटव पक्ष के लोग भड़क गए और दोनों पक्षों में हिसंक झड़प हुई।
इस दौरान अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण नाराज हो गए और उन्होंने सांसद का घेराव कर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ भी की। आरोप है कि ग्रामीणों ने सांसद को गाड़ी से बाहर खींचने का भी प्रयास किया गया। पुलिस के आला अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति पर नियंत्रण किया जा सका।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications