एमआईएम के 3 विधायक आंध्र विधानसभा से निलंबित
हैदराबाद, 24 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही में बाधा डालने के लिए मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) के तीन विधायकों को सोमवार को सदन से निलंबित कर दिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष एन.किरन कुमार रेड्डी ने सदन में एमआईएम के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी सहित तीन विधायकों के निलंबन की घोषणा करते हुए कहा कि वह अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेंगे।
निलंबित किए जाने वाले अन्य विधायक अहमद पाशा कादरी और विरासत रसूल खान हैं।
संसदीय कार्यमंत्री के.रोसैया ने पहले केवल ओवैसी के निलंबन का प्रस्ताव रखा था। परंतु सदन में मौजूद दो अन्य पार्टी विधायकों द्वारा इसका कड़ा विरोध करने और अध्यक्ष के आसन के समीप पहुंचने के कारण उन्होंने अध्यक्ष से उन दोनों के निष्कासन का भी आग्रह किया।
सदन में प्रश्नकाल के दौरान अव्यवस्था पैदा हुई। गरीबों के लिए इंदिरम्मा आवास योजना के बारे में बोलने की अध्यक्ष से अनुमति नहीं मिलने पर ओवैसी नाराज हो गए और उनसे से बहस करने लगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications