स्वाइन फ्लू से 6 और मौतें, संख्या 60 हुई

जहां महाराष्ट्र में पांच मौतों की सूचना है वहीं गुजरात में एक व्यक्ति की मौत हुई है। महाराष्ट्र में मृतकों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है। राज्यवार मृतकों की संख्या इस प्रकार है- महाराष्ट्र (36),कर्नाटक(12),गुजरात (6),तमिलनाडु (3), दिल्ली(2) और केरल (1)।
यूपी में फिलहाल कोई मामला नहीं
उत्तर प्रदेश में रविवार को स्वाइन फ्लू का कोई भी मामला सामने नहीं आया। प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 51 है। प्रदेश के महानिदेशक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आर.आर.भारती ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि रविवार शाम तक किसी भी नए मामले की पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले शनिवार को स्वाइन फ्लू के दो मामले सामने आए थे। जिन दो मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी वे लखनऊ के निवासी हैं और हाल ही में पुणे से लौटे थे। एसजीपीजीआईएमएस के अधिकारियों के मुताबिक रविवार को करीब 30 नए संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए आए हैं।
मध्य प्रदेश के इंदौर में एक मरीज के स्वाइन फ्लू से ग्रस्त होने की पुष्टि होने के साथ ही तीन और नए संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इस तरह मध्य प्रदेश में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की संख्या 70 से बढ़कर 73 हो गई है। उधर बिहार के स्वाइन फ्लू के सात संदिग्ध मरीजों के नमूनों की जांच के नतीजे का 10 दिनों के बाद भी नहीं मिले हैं।
जांच में हो रही देरी
दिल्ली आए बिहार के स्वास्थ्य मंत्री नंदकिशोर यादव ने बातचीत में कहा, "12 अगस्त को हमें एक नमूने की जांच का नतीजा मिला। इसके बाद हमने सात और नमूने राष्ट्रीय संक्रामक रोग संस्थान जिसे अब रोग नियंत्रण का राष्ट्रीय केंद्र कहा जा रहा है, में भेजे लेकिन अभी तक हमें इन नमूनों के जांच के परिणाम नहीं मिले हैं।"
उन्होंने कहा, "यह चिंताजनक है। हमें नहीं पता कि आखिरकार क्यों इसमें इतनी देरी हो रही है।" यादव ने कहा, "हमने अपने दो डाक्टरों को प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान, पुणे भेजा है।" जांच नमूनों में देरी की वजह से देश भर में अब तक तीन लोगों की स्वाइन फ्लू से मौत हुई है। राज्य सरकार के अधिकारियों का कहना है कि जब तक कि केंद्र सरकार जांच नमूनों के नतीजे मुहैया कराती है तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।
गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद कई बार यह दावा कर चुके हैं कि केंद्र सरकार के पास स्वाइन फ्लू के नमूनों की जांच 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने के सभी संसाधन मौजूद है।
दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में शनिवार शाम स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज की मौत हो गई। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एनके चतुर्वेदी ने रविवार को बताया कि 48 वर्षीय स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज को गुरुवार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
चतुर्वेदी ने कहा, "मरीज में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए थे। उसके चिकित्सीय नमूने को राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र भेजा गया था। जांच रिपोर्ट रविवार दोपहर तक आने की उम्मीद थी।" उन्होंने कहा कि शनिवार शाम मरीज ने दम तोड़ दिया। राजधानी में स्वाइन फ्लू से गुरुवार को दो लोगों की मौत हो गई थी। यहां शनिवार को इस बीमारी के 44 नए मामलों की पुष्टि हुई।
चंडीगढ़ में दो नए मामले
चंडीगढ़ में रविवार को स्वाइन फ्लू के दो नए मामले प्रकाश में आए। इस केंद्र शासित क्षेत्र में अब स्वाइन फ्लू से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अपने आवास में अलग रखी गई एक 38 वर्षीय महिला और उसके 40 वर्षीय रिश्तेदार के परीक्षणों में स्वाइन फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हो गई है। संक्रमित महिला पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) के प्रकाशन विभाग में कार्यरत है और कुछ ही दिन पहले ही हैदराबाद गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications