रेलवे के तत्काल टिकटों की नई दरें 1 अक्टूबर से लागू
मंत्रालय के अनुसार टिकट के दाम के प्रतिशत के हिसाब से तत्काल टिकट पर अतिरिक्त किराया लेने से टिकटों की कीमत कम होगी और यात्रियों को लाभ होगा। द्वितीय श्रेणी में किराए का 10 प्रतिशत और उससे ऊपर की श्रेणी में किराए की 30 प्रतिशत अतिरिक्त राशि तत्काल टिकटों पर वसूली जाएगी।
इसके साथ ही सभी श्रेणियों की तत्काल टिकटों पर न्यूनतम और अधिकतम अतिरिक्त राशि भी तय की गई है। द्वितीय श्रेणी (सिटिंग) के तत्काल टिकट पर अब न्यूनतम 10 और अधिकतम 25 रुपये अतिरिक्त किराया देना होगा। शयनयान श्रेणी के लिए न्यूनतम अधिभार 75 रुपये और अधिकतम 150 रुपये होगा। वातानुकूलित तृतीय और द्वितीय श्रेणी के लिए यह राशि न्यूनतम 200 रुपये और अधिकतम 300 रुपये होगी।
रेलवे ने शताब्दी रेलगाड़ियों की एक्जक्यूटिव श्रेणी में भी कुल सीटों के 10 प्रतिशत हिस्से का तत्काल टिकट उपलब्ध कराने का फैसला किया है।
रेलवे के इस फैसले से शयनयान श्रेणी और उससे ऊपर की श्रेणियों में यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक फायदा होगा। उन्हें अब रेलगाड़ी की पूरी दूरी के बजाए केवल अपने गंतव्य स्थल तक का ही किराया चुकाना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications