वैष्णो देवी के दरबार में भक्तों को होगी आसानी, बनेगी तीसरी गुफा
कटरा, 24 अगस्त (आईएएनएस)। करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र वैष्णो देवी गुफा मंदिर तक पहुंचना और आसान होगा। जम्मू-कश्मीर के इस प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पर एक और गुफा का निर्माण किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही ज्यादा से ज्यादा सुव्यवस्थित हो।
हर साल 75 लाख से अधिक श्रद्धालु वैष्णो देवी का दर्शन करने आते हैं। भारी भीड़ होने के कारण श्रद्धालुओं को देवी का क्षणिक दर्शन करने का ही मौका मिलता है। यह तीर्थ स्थल त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित है। गुफा मंदिर में महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती की मूर्तियां हैं।
भक्तों को मंदिर में प्रवेश के लिए गुफा से होकर जाना पड़ता है। मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं की भीड़ के पुख्ता प्रबंधन के लिए एक कृत्रिम गुफा बनाना चाहता है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि पहले की अपेक्षा यहां भक्तों की संख्या में गुणात्मक इजाफा हुआ है। ऐसे में माता के दरबार तक पहुंचने के लिए तीसरी गुफा बनाने की योजना तैयार की गई है। गुफा चार वर्षो में बनकर तैयार होगी।
इस प्रस्ताव से भक्त बेहद उत्साहित हैं। अमृतसर के एक श्रद्धालु विनोद नारंग कहते हैं कि अगर ऐसा होता है तो यहां आने वाले भक्तों का कष्ट काफी कम हो जाएगा। वह कहते हैं, "यहां कतार में लगने का अनुभव काफी कष्टकारक रहा है। कभी-कभी तो घुटन होने लगती है। तीसरी गुफा बनने से इस समस्या को काफी हद तक सुलझाया जा सकेगा।"
अधिकारी ने बताया कि गुफा तैयार करने की योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है और इस पर शीघ्र ही अमल शुरू होगा। उनके मुताबिक इस परियोजना के निर्माण के दौरान भक्तों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ेगा। योजना इस तरह तैयार की गई है कि यह भक्तों के आने-जाने में अवरोध पैदा नहीं करे। बोर्ड को उम्मीद है कि अगले चार वर्षो में यहां आने वाले भक्तों की सालाना संख्या एक करोड़ के बिंदु को छू देगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications