बिहार में बाढ़ से लाखों प्रभावित
दरभंगा और मधुबनी जिले के करीब एक दर्जन प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हैं वहीं अररिया के कई इलाकों में बाढ़ का पानी कम होने का समाचार है। दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान, घनश्यामपुर, किरतपुर, बिरौल, केवटी और जाले प्रखंड में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जिससे करीब एक लाख लोग प्रभावित हुए हैं। जाले प्रखंड में बागमती नदी का बांध टूट जाने के कारण दरभंगा-जयनगर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या (एनएच) 105 पर कई स्थानों पर सड़क को नुकसान पहुंचा है।
दरभंगा के जिलाधिकारी प्राणमोहन ठाकुर ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ का पानी कम हुआ है तो कुछ नए इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण जिले में एक की मौत हुई है।
ठाकुर ने बताया कि एनएच 105 पर एक किलोमीटर तक बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है, जिस वजह से अगले आदेश तक इस पथ पर आवागमन रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा सुदृढ़ीकरण बल (एनडीआरएफ) का एक दल जिले में पहुंच गया है, जिन्हें बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेजा जा रहा है।
इधर, किशनगंज जिले में भी बाढ़ का तांडव जारी है। बाढ़ के कारण जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड का जिला मुख्यालय से संपर्क भंग हो गया है। किशनगंज के अनुमंडल पदाधिकारी खुर्शीद आलम ने सोमवार को बताया कि जिले में अब तक बाढ़ से मरने वालों की संख्या चार तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में 15 अस्थाई राहत शिविर चलाए जा रहे हैं।
मधुबनी जिले में मधेपुर प्रखंड की नौ ग्राम पंचायतों में बाढ़ का पानी फैल गया है। जिले के फुलसराय अनुमंडल के बथनाहा में बाढ़ से एक व्यक्ति मौत की खबर है लेकिन इसकी पुष्टि अब तक नहीं हुई है। इधर, एनएच 104 पर मंसापुर-नरहिया के बीच बाढ़ का पानी फैल गया है जिससे आवागमन बाधित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications