राहुल गांधी के नाम पर बिहार में बना लाइसेंस!
पटना, 24 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद राहुल गांधी के नाम पर बिहार के सारण जिले से एक ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया है। लाइसेंस में सारण के जिलाधिकारी आवास को राहुल गांधी का आवासीय पता बताया गया है। हालांकि जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) इस लाइसेंस को फर्जी बता रहें हैं।
जिले के एक अधिकारी के अनुसार जिला परिवहन पदाधिकारी पुनीता श्रीवास्तव ने 18 मई 2009 को एक ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया। लाइसेंस संख्या 1847/09 पर राहुल गांधी के पिता का नाम राजीव गांधी, पता जिलाधिकारी निवास छपरा, स्थायी पता संसद भवन मार्ग, नई दिल्ली अंग्रेजी में लिखा हुआ है।
लाइसेंस में राहुल गांधी की जन्म तिथि 19 अगस्त 1982 अंकित है। इस लाइसेंस में फोटो किसी अनजान व्यक्ति का चिपकाया गया है। अधिकारी के मुताबिक इस लाइसेंस की वैधता 18 मई 2009 से 17 मई 2022 तक की है। लाइसेंस जारी करने वाले पदाधिकारी के स्थान पर डीटीओ छपरा के हस्ताक्षर हैं और उनकी मुहर लगी है।
इस मामले पर डीटीओ श्रीवास्तव ने कहा कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने बताया कि मेरे रिकॉर्ड में इस नंबर का कोई लाइसेंस जारी नही किया गया है। उन्होंने इसे फर्जी लाइसेंस बताते हुए डीटीओ के हस्ताक्षर को भी फर्जी हस्ताक्षर बताया।
सारण के जिलाधिकारी लोकेश कुमार सिंह ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि डीटीओ से उन्होंने पूरे मामले की जानकारी मांगी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications