नोबेल पदक चोरी मामले को बंद करने की याचिका से ममता नाराज
कोलकाता, 23 अगस्त (आईएएनएस)। गुरुदेव रबिंद्रनाथ टैगोर के नोबेल पदक की चोरी के मामले को बंद करने की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की याचिका का रेलमंत्री ममता बनर्जी ने विरोध करते हुए सोमवार को कहा है कि वह मामले को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सामने उठाएंगी।
बनर्जी ने कहा, "हमारी जानकारी में आया है कि सीबीआई नोबेल पदक चोरी के मामले की जांच को बंद करने का प्रयास कर रही है। हम इस निर्णय से निश्चय ही खुश नहीं हैं।"
उन्होंने कहा, "आज मुझे दिल्ली रवाना होना है। वहां जाकर मैं वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के साथ इस मामले पर चर्चा करूंगी। निश्चित रूप से इस मामले को मैं प्रधानमंत्री के समक्ष भी उठाऊंगी।"
इस मामले में किसी भी संदिग्ध को गिरफ्तार करने में विफल रहने वाली अंतर्राष्ट्रीय पुलिस (इंटरपोल) की रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई ने सुरागों के अभाव में मामले की जांच बंद करने के लिए न्यायालय की अनुमति मांगी है।
बनर्जी ने कहा कि टैगोर के पदक का सभी बंगाली लोगों के लिए बहुत महत्च है और इंटरपोल के कोई सुराग पाने में विफल रहने पर हमें जांच बंद नहीं करनी चाहिए।
सीबीआई ने इससे पहले सितम्बर 2007 में मामले को यह कहते हुए बंद कर दिया था कि उसे कोई सुराग नहीं मिला है। बहरहाल सितम्बर 2008 में सीबीआई ने यह कहते हुए मामले को फिर से खोला था कि उसे कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications